डॉक्टर पर मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार का लगा आरोप

26 अप्रैल 2026

डॉक्टर पर मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार का लगा आरोप

भास्कर न्यूज | पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में पदस्थ एक डॉक्टर पर मरीज के परिजन के साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्राम गिरजापुर के परमेश्वर राजवाड़े ने जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू के साथ थाना पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह 24 अप्रैल को अपने भाई के तीन दिन के बीमार बच्चे का इलाज कराने उप स्वास्थ्य केंद्र पटना पहुंचे थे। वहां मौजूद डॉक्टर द्वारा बच्चे का इलाज शुरू किया गया और कहा गया कि यदि दो घंटे में स्थिति में सुधार नहीं होता है तो जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया जाएगा। परिजन का आरोप है कि दो घंटे बाद भी बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ, लेकिन डॉक्टर ने तत्काल रेफर करने से मना कर दिया और अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। बाद में काफी प्रयास के बाद बच्चे को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेजा गया। शिकायत में आगे बताया है कि अस्पताल से लौटने के बाद बीएमओ डॉ श्रेष्ठ मिश्रा ने कॉल कर पुनः स्वास्थ्य केंद्र बुलाया और अपने केबिन में गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि उन्हें छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। साथ ही पुलिस बुलाकर कार्रवाई कराने की बात भी कही गई। बीएमओ डॉ श्रेष्ठ मिश्रा ने कहा कि इनको दोबारा मैंने नहीं बुलाया यह खुद आए और मितानिनों के सामने अभद्रता की, मैंने अभद्र व्यवहार नहीं किया है, सीसीटीवी फुटेज चेक कर सकते हैं। जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू ने कहा कि प्रकरण की उचित जांच होनी चाहिए व दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई होनी चाहिए। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने कहा कि शिकायत पत्र मिला है, जांच की जा रही है।

Source: bhaskar_hindi

Publication

The World Dispatch

Source: World News API

Keywords: dainikbhaskar, ONLY AVAILABLE IN PROFESSIONAL AND CORPORATE PLANS