शुभांगी हॉस्पिटल के डॉक्टर समेत चार पर FIR:युवक की मौत का मामला, सीएमओ की जांच कमेटी में लापरवाही की पुष्टि
24 अप्रैल 2026

सुल्तानपुर के शुभांगी हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस ने डॉक्टर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सुल्तानपुर द्वारा गठित डॉक्टरों की टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें लापरवाही की पुष्टि हुई है। मृतक राजेश मिश्रा के पिता रामकरन मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, राजेश को पेट दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें शुभांगी हॉस्पिटल के डॉक्टर राजेश कुमार को दिखाया गया। डॉक्टर ने पित्त की पथरी बताई और ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल के आयुष्मान योजना से आच्छादित होने का झांसा दिया गया था। राजेश मिश्रा को 2 मार्च को अस्पताल में भर्ती किया गया था। अगले दिन, 3 मार्च की शाम करीब 6 बजे उन्हें ऑपरेशन थिएटर (ओटी) ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि ओटी में डॉक्टरों द्वारा दिए गए इंजेक्शन (एनेस्थीसिया की ओवरडोज) के कारण राजेश की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था, लेकिन एफआईआर दर्ज करने के लिए सीएमओ की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। सीएमओ सुल्तानपुर की जांच टीम ने 13 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर डॉ. राजेश कुमार गौतम, डॉ. आलोक मौर्या, डॉ. शुभ्रा सिंह और अस्पताल की मालकिन विद्या गौतम के खिलाफ साजिश, लापरवाही और मानकों के विपरीत अस्पताल चलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि अस्पताल बिना निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के केवल अवैध धन उगाही के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: bhaskar_hindi