पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं का किया विरोध, CM प्रमोद सावंत ने INDIA गठबंधन पर बोला हमला
21 अप्रैल 2026

डिजिटल डेस्क, पणजी। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद भाजपा पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच मंगलवार (21 अपैल) को गोवा में बीजेपी महिला मोर्चा ने राजधानी पणजी में जन-आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया। इस दौरान ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधन विधेयक के रद्द होने पर इंडिया गठबंधन पर जोरदार हमला बोला है। इस प्रदर्शन में गोवा के सीएम डॉ. प्रमोद सावंत ने मोर्चा संभाला और विपक्षी गठबंधन कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी, सपा और शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के मूल रूप से राष्ट्र-विरोधी और महिला-विरोधी एजेंडे पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा ‘मैं आज सड़कों पर गोवा की पूरी नारी शक्ति को देख रहा हूं। INDIA गठबंधन ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधन बिल का विरोध किया। मैं उनकी कड़ी निंदा करता हूं क्योंकि उन्होंने पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं को उनके अधिकारपूर्ण प्रतिनिधित्व से वंचित रखा है। मैं आज यहां एकत्रित नारी शक्ति को उनके वास्तविक अधिकारों के लिए संघर्ष करने हेतु बधाई देता हूं।’ भाजपा नेतृत्व ने रैली में विपक्ष की असुरक्षाओं को व्यवस्थित रूप से उजागर किया। वक्ताओं ने विपक्षी इंडी गठबंधन को ठगों का समूह और डूबता हुआ जहाज करार दिया। प्रदर्शनकारियों ने विपक्ष के विश्वासघात को उजागर करने वाले शक्तिशाली तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर संदेश लिखे थे, कांग्रेस की पुरानी बीमारी, आधी आबादी से गद्दारी, महिलाओं के हक पर सवाल, कांग्रेसियों की है पुरानी चाल और ‘महिलाओं के अधिकारों पर वार, कांग्रेस है जिम्मेदार।’
Source: bhaskarhindi